महिला व पुरूष बंदी राष्ट्रीय ध्वज का करेंगे निर्माण
फतेहपुर, शमशाद खान । 75 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने अभियान छेड़ रखा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार को एक प्रतिनिधि मंडल जेल पहुंचा और जेल अधीक्षक से मुलाकात कर तिरंगा झंडा का निर्माण बंदियों से कराए जाने के बाबत बातचीत की। सहमति मिलने पर व्यापारियों ने छह थान तिरंगे का कपड़ा जेल अधीक्षक को सौंपा।
![]() |
जेल अधीक्षक को तिरंगे के कपड़े सौंपते संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा। |
जेल अधीक्षक मो. अकरम के दिशा निर्देश में बंदी महिलाओं व पुरुषों से राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण कराने हेतु सहमति प्रदान की गई। जिसके अन्तर्गत उद्योग व्यापार मंडल ने जेल अधीक्षक को प्रथम चरण में छह थान तिरंगे के कपड़े उपलब्ध कराएं हैं। जिससे जिला कारागार में बन्दी महिलाओ पुरुषों द्वारा तिरंगे झंडे बनाए जाएंगे। एक हजार राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण कराते हुए हर घर तिरंगा अभियान को गति प्रदान की जायेगी। जेल अधीक्षक ने संदेश में कहा कि हर घर तिरंगा पर्व को धूमधाम से मनाने में बंदियों के सहयोग से तिरंगे झंडे का निर्माण कराया जा रहा है। व्यापार मंडल संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि समस्त पदाधिकारियों/व्यापारियों के सहयोग से एक हजार झंडे का निर्माण कराते हुए हर घर तिरंगा का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार दीक्षित, अशरफ अली, शिवम कुमार उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment