दो नामजद समेत सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। जमीन में पूर्व प्रधान का दखल होने पर गांव के रसूखदार लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर लाठी व लोहे के राड़ से पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ये वारदात सीतापुर चौकी क्षेत्र के पंचायत भवन के समीप शुक्रवार को सवेरे करीब छह बजे की है। बताया गया कि चितरा गोकुलपुर निवासी पूर्व प्रधान अच्छेलाल कोटार्य (52) पुत्र रामआसरे रोज की भांति तड़के पांच बजे कामदगिरि की परिक्रमा के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह बहरा हनुमान जी के करीब स्थित पंचायत भवन पहुंचा तो गांव के दबंग श्याम सुंदर पटेल पुत्र रामगोपाल, विनोद पटेल पुत्र कुबेर समेत छह-सात अज्ञात लोग लाठी व लोहे के राड़ से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। वहां मौजूद गांव के एक व्यक्ति ने पुत्र
![]() |
मृतक की फाइल फोटो। |
कामता प्रसाद को फोन पर जानकारी दी। इस पर पुत्र आनन फानन वाहन से घटना स्थल पहुंचा और गंभीर रूप से घायल पिता को जानकीकुंड अस्पताल ले गया। जहां पुलिस केस होने के चलते इेलाज न कर वापस कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती कर डाक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने संबंधित डाक्टर से कहा कि रक्तस्राव नहीं बद हो रहा। इस पर डाक्टरों ने अनदेखा कर दिया। तब परिजन रेफर कराकर सतना ले जा रहे थे। रास्ते में मझगवां के समीप घायल पूर्व प्रधान ने दम तोड़ दिया। शव घर लाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जानकारी होने पर सदर विधायक अनिल प्रधान व सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव, जागेश्वर यादव ने घर पहुंचकर परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया है। आश्वस्त किया कि हत्यारोपियों के खिलाफ कार्यवाही कराई जाएगी। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद समेत सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना से परिजनों में मातम छाया है। मृतक के दो पुत्र, एक पुत्री विवाहित है। पत्नी सुखनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
कब्जा करने में रोड़ा मानते थे हमलावर
चित्रकूट। मृतक के पुत्र कामता प्रसाद ने बताया कि पांच दिन पूर्व दबंग घर आए थे। पिता से बातचीत कर रहे थे। जाते समय धमकी भरे लहजे में देख लेने की बात कही थी। घटना को अंजाम देने वाले दबंग जमीन में कब्जा न कर पाने पर पिता को रोड़ा मानते थे।
No comments:
Post a Comment