ब्लाक कार्यालय में तोडफोड़
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। बारात घर न दिए जाने से नाराज भाजपाईयों ने ब्लाक परिसर में घुसकर ग्राम पंचायत अधिकारी की घसीट कर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं तांडव इस कदर रहा कि ब्लाक कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। फर्नीचर, कम्प्यूटर सहित अभिलेखों को क्षति पहुंची है। यह देख कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना पर डीपीआरओ पहुंचे और कर्मचारियों को लेकर थाना गए। जहां पहले से ही भाजपाई मौजूद थे। घायल ग्राम पंचायत अधिकारी ने घटना की तहरीर दी है। सीओ राजापुर भी पुलिस बल के साथ जाकर पड़ताल करते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
ब्लाक कार्यालय में तोडफोड का मंजर।
गुरुवार की दोपहर पहाड़ी ब्लाक कार्यालय में कलवलिया गांव के ग्राम पंचायत अधिकारी घनश्याम दास शुक्ला सरकारी कार्य कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अचानक अशोह गांव के भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास मिश्रा अपने लगभग दस साथियों के साथ स्कार्पियो गाड़ी से आए और गालीगलौज शुरू कर दी। ब्लाक के बाबू तनवीर कुरैशी के बगल में वह बैठे थे। तभी जिलाध्यक्ष आया और मारपीट करते हुए धमकी दिया कि कार्यों की जांच कराएंगें। भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगा घसीटते हुए बाहर ले आया। जिलाध्यक्ष के अन्य साथियों ने ब्लाक कार्यालय में रखे कम्प्यूटर, फर्नीचन, दस्तावेजों को क्षति पहुंचाई है। यह देख कर्मचारियों ने घटना की जानकारी डीपीआरओ तुलसीराम, बीडीओ समेत उच्चाधिकारियों को दी। इस पर डीपीआरओ पीड़ित कर्मचारी के साथ थाना गए। जहां भाजपाई पहले से मौजूद थे। घायल ग्राम पंचायत अधिकारी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि भाजपा कार्यकर्ता ने शादी समारोह के लिए बारात घर की मांग की थी। जिस पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने की बात कही। इस पर वह नाखुश था। सूचना पर पहुंचे राजापुर सीओ ने घटना की पड़ताल कर कार्यवाही के निर्देश दिए है।
No comments:
Post a Comment