चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के रम्पुरवा गांव में अज्ञात कारण के चलते एक किसान के घर में आग लग गई। आग बुझाने के दौरान एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। आग की लपटों ने पड़ोसी किसान के भाई के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घर की लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई।
जला घर।
रम्पुरवा निवासी परगनिया देवी पत्नी देवीदयाल ने बताया कि शनिवार की रात सभी परिजन खाना खाकर सो गए थे। देर रात को अज्ञात कारण के चलते घर के एक हिस्से में आग लगी। जानकारी होते ही सभी परिजन बचने के लिए बाहर की ओर भागे। इसी बीच उसकी बहू वंदना ने आग को बुझाने का प्रयास किया तो वह झुलस गई। इसी बीच आस पास के अन्य ग्रामीण एकत्र हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। आग की लपटें बढ़ती ही गईं और पड़ोसी भइयालाल पुत्र सियाराम के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घर सगे भाइयों के हैं। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम दो घंटे बाद पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। आग से दोनों घर की लगभग छह लाख की संपत्ति राख हो गई। पीडित परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
No comments:
Post a Comment