तिंदवारी के पास दगा दे गया वज्र वाहन, एंबुलेंस से पहुंचे लखनऊ
पेशी के बाद वापस लाया गया मंडल कारागार
बांदा, के एस दुबे । मंडल कारागार में निरुद्ध बसपा के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह सड़क मार्ग से लखनऊ ले जाया गया। वहां एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच अंसारी को वापस कारागार लाया गया।
![]() |
मंडल कारागार से अंसारी को लेकर लखनऊ रवाना होती एंबुलेंस |
मंडल कारागार में मुख्तार अंसारी निरुद्ध है। उसके विधायक बेटे अब्बास अंसारी के नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर रात 11ः30 बजे के करीब एक पोस्ट किया गया कि उनके पिता को लखनऊ ले जाने की तैयारी है। तड़के 3ः45 बजे सरकारी एंबुलेंस जेल पहुंची। माना गया कि मुख्तार को कहीं ले जाया जा रहा है। खबर मिलते ही जेल के बाहर मीडिया कर्मियों का भी जमावड़ा बढ़ गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मीडिया के सवालों को जवाब देने से बचते रहे। देर तक माथापच्ची के बाद सुबह 8ः34 बजे मंडल कारागार से माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर एंबुलेंस लखनऊ के लिए रवाना हुई। एंबुलेंस के साथ वज्र-वाहन पर पुलिस कर्मी भी रवाना हुए। जिले की सीमा को पार करते हुए एंबुलेंस फतेहपुर पहुंची। यहां फतेहपुर पुलिस की सुरक्षा में उसे आगे ले जाया गया। उनका काफिला फतेहपुर से लालगंज होते हुए लखनऊ की ओर रवाना हुआ। हर एक जिले में स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। मुख्तार के काफिले में सुरक्षा कर्मियों के साथ कुछ प्राइवेट वाहन भी साथ थे। कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर लगभग सवा एक बजे कड़ी सुरक्षा के बीच माफिया को पुलिस ने लखनऊ स्थित उच्च न्यायालय एमपी-एमएलए कोर्ट के कोर्ट रूम संख्या 215 में पेशी कराई। इस दौरान अदालत के अंदर से लेकर बाहर तक पुलिस का सख्त पहरा रहा। पुलिस अधिकारी हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर रखे रहे। लगभग डेढ़ घंटा तक चली पेशी के बाद पुलिस सड़क मार्ग से उसे वापस लेकर बांदा मंडल कारागार को रवाना हो गई। जेल अधिकारियों का कहना है कि अंसारी को सुरक्षित मंडल कारागार लाया गया है। इधर, तिंदवारी के पास जाते समय वज्र वाहन खराब हो गया।
No comments:
Post a Comment