चिल्ला थाना क्षेत्र के सादीमदनपुर गांव में हुई घटना
जसपुरा, के एस दुबे । यमुना नदी नहाने गया बालक गहरे पानी में समा गया। आसपास नहा रहे लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने नदी में घुसकर उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारा। कड़ी मशक्कत के बाद बालक को पानी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां पर चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
यमुना किनारे मौजूद पुलिस और ग्रामीण |
चिल्ला थाना क्षेत्र के सादीमदनपुर गांव निवासी सालिग (11) पुत्र जग्गू शनिवार की दोपहर अपने पड़ोसी बच्चों के साथ यमुना नदी नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में डूब गया। काफी देर बाद जब वह बाहर नहीं निकला तो साथियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खबर पाकर परिजन भी मौके पर आ गए। उन्होंने नदी में उतरकर बालक की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। सूचना पाकर सीओ सदर सत्यप्रकाश हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों को बुलाकर उसकी खोजबीन कराई गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सालिग को पानी से बाहर निकाला गया। सांस चलने की आशंका पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि सालिग मंद बुद्धि का था। वह अपने साथियों के साथ नदी नहाने गया था, पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
No comments:
Post a Comment