शहर के गायत्री नगर मुहल्ले में हुई घटना
सदर विधायक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, परिजनों को बंधाया ढांढस
बांदा, के एस दुबे । भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी की शानदार जीत होने पर भाजपा बूथ अध्यक्ष अन्य साथियों के साथ जीत का जश्न मना रहा था। इसी दौरान वह नाले में गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आ गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। खबर पाकर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों से बात करते सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी |
मिली जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री नगर मुहल्ला निवासी अंकित गुप्ता (24) पुत्र वृंदावन गुप्ता भाजपा का बूथ अध्यक्ष था। गुरुवार को प्रत्याशी की जीत के बाद वह जश्न मना रहा था। तभी पैर फिसल जाने से नजदीक स्थित नाले में जा गिरा। इससे उसे गंभीर चोटें आ गईं। आसपास दुकानदारों ने देखा तो उसे उठाकर तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि अंकित रेलवे की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। सूचना पाकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सदर विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
No comments:
Post a Comment