आरोपी पुलिस हिरासत में, घायल कानपुर रेफर
फतेहपुर, शमशाद खान । सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज कृष्णा नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात हेड कांस्टेबल ने फायरिंग की। गोली के छर्रे पीठ पर लगने से एक किशोर घायल हो गया। उसकी बहन को छर्रा छूकर निकल गया। घटना से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और हेड कांस्टेबल को हिरासत में लिया है। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टर ने कानपुर रेफर किया।
फायरिंग में घायल किशोर। |
सदर कोतवाली के हरिहरगंज मोहल्ला निवासी कमलेश गुप्ता का 15 वर्षीय पुत्र मयंक गुप्ता उर्फ छोटू और परिवार के लोग घर के बाहर खड़े थे। मयंक के बड़े भाई सुनील गुप्ता ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह चौहान गली में लोगों के साथ गाली गलौज कर रहा था। पड़ोस में विवाद के बाद हेड कांस्टेबल अपने घर पहुंचा। पहली मंजिल पर चढ़कर दोनाली बंदूक से फायरिंग की। गोली के छर्रे मयंक की पीठ पर लगे। बहन वर्तिका की कनपटी के पास छर्रा छूकर निकल गया। घटना से मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल को उसके घर से गिरफ्तार किया। बंदूक भी बरामद की। इलाकाई लोगों ने बताया कि पहले भी हेड कांस्टेबल एक बार फायरिंग की घटना कर चुका है। वह नशे में अक्सर मोहल्ले के लोगों से गाली-गलौज करता है। विरोध करने पर वर्दी का रौब जमाता है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि हेड कांस्टेबल अयोध्या ड्यूटी से वापस लौटा था। उसे कानपुर जाना था, लेकिन रास्ते में घर में ही रुक गया। उसकी कानपुर देहात में तैनाती है।
No comments:
Post a Comment