तहसील अधिवक्ता संघ का चुनाव परिणाम
अतर्रा, के एस दुबे । तहसील अधिवक्ता संघ चुनाव में अमर सिंह ने अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। वह 12वीं बार अध्यक्ष पद पर काबिज हुए हैं। महासचिव पद में मनोज कुमार द्विवेदी ने भी तीसरी बार विजय पताका फहराई। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, व संयुक्त सचिव पुस्तकालय के प्रत्याशियों ने भी अपने अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों को पराजित कर विजय हासिल की।
तहसील अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारीगण |
सोमवार के दिन तीन बजे अपरान्ह तक हुए मतदान बाद देर शाम मतगणना हुई। इसमें अध्यक्ष पद में अमर सिंह राठौर ने 104 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी दिलदार वर्मा को 38 मतों से पराजित किया। जबकि दिलदार वर्मा को 66 मत प्राप्त हुए। वही महासचिव पद में मनोज कुमार द्विवेदी ने कांटे के संघर्ष में 87 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी संतोष कुमार गुप्ता को 5 मतों से पराजित किया। जबकि संतोष कुमार गुप्ता को 82 मत प्राप्त हुए एक मत अवैध पाया गया। वही वरिष्ठ उपाध्यक्ष में विपिन कुमार मिश्रा ने 100 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी अधिवक्ता सतीश चंद्र चंदेल को 31 मतों से पराजित किया। सतीशचंद्र चंदेल को 69 मत प्राप्त हुए जबकि एक मत अवैध रहा। कोषाध्यक्ष पद में सुशील कुमार गुप्ता ने 61 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी अधिवक्ता नरेंद्र कुमार गुप्ता को 7 मतों से पराजित किया। वहीं तीसरे प्रत्याशी जितेंद्र कुमार तिवारी को 52 मत ही प्राप्त हो पाए जबकि तीन मत अवैध पाए गए। इसी तरह संयुक्त सचिव पुस्तकालय में दिनेश कुमार कुशवाहा ने एकतरफा सर्वाधिक 139 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। वहीं प्रतिद्वंदी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी को 25 मत प्राप्त हुए 6 मत अवैध पाए गए।
उल्लेखनीय है कि 11 फ़रवरी को अधिवक्ता संघ नामांकन वापसी के बाद चुनाव अधिकारी छोटे लाल अवस्थी द्वारा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद में राजेश कुमार द्विवेदी व राम नरेश यादव को निर्विरोध घोषित किया गया। वहीं संयुक्त सचिव प्रशासन में राम प्रसाद वर्मा व प्रकाशन सचिव में रमेश प्रसाद चौरिहा को भी निर्वाचन अधिकारी ने कोई प्रतिद्वंदी न होने पर इन्हें भी निर्विरोध घोषित किया गया। वहीं सदस्य पद में रमेश सिंह, अमर बाबू सचदेव, अरुण कुमार तिवारी, अशोक कुमार द्विवेदी, संतोष कुमार यादव, आशीष कुमार को भी निर्विरोध घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी छोटे लाल अवस्थी व सहायक निर्वाचन अधिकारी राममिलन कुशवाहा, अवधेश कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से बताया कि अतर्रा तहसील अधिवक्ता संघ में कुल 172 बैध मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें से 170 अधिवक्ताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया है।
No comments:
Post a Comment