भाजपा सरकारों को किसानों का सच्चा हितैषी बताया
किसानों की मांग पर वापस किए गए कृषि बिल
बांदा, के एस दुबे । प्रांतीय आवाहन पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान भाजपाइयों ने किसानों से कहा कि भाजपा सरकारें किसानों की सच्ची हितैषी हैं, उनका विशेष ख्याल रखती हैं। किसान देश की दिशा और दशा तय करने का काम करते हैं। रैली में भाजपा किसान मोर्चा के साथ ही सैकड़ों की संख्या में भाजपाई शामिल हुए।
ट्रैक्टर रैली निकालते भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारीगण |
जीआईसी मैदान से ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ किया गया। यह रैली शहर के बिजलीखेड़ा, कालू कुआं चौराहा, ओवरब्रिज, पीली कोठी चौराहा, स्टेशन रोड, नया ओवरब्रिज होते हुए ट्रैक्टर रैली का जीआईसी ग्राउंड में समापन हुआ। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने कहा कि विपक्ष ने कृषि कानून को लेकर जिस तरह से किसानों को भड़काया यह पूरी तरह से प्रायोजित था। सरकार ने कृषि कानून वापस लेकर यह साबित कर दिया है कि वह किसानों के साथ है। किसान देश की दिशा और दशा तय करते हैं। भाजपा सरकारों ने जिस तरह किसानों के हित में काम किया है वह आज तक किसी पार्टी ने नहीं किया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों का ध्यान रखती है। उनके विकास व हितों की रक्षा के लिए तत्पर है। मोदी और योगी सरकार में किसानों के लिए सम्मान निधि समेत विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ गांवों में रहने वाले लोगों व किसानों को मिल रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके चाल, चरित्र और चेहरे में फर्क है। पंजाब में कांट्रैक्ट फार्मिंग काफी पहले से है, लेकिन वहां काला कानून नहीं दिखता। 2017 में भाजपा सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में 1.86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपया कर्ज माफ किया। रैली में विधायकगण और सैकड़ों की संख्या में भाजपाई शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment