बिंदकी में खाद्य औषधि प्रशासन की टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप
फतेहपुर, शमशाद खान । आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों में रोकथाम लगाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे के निर्देशानुसार शुक्रवार खाद्य औषधि प्रशासन की टीम ने बिंदकी कस्बे में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान से जहां व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा वहीं 1080 किलोग्राम सरसों का तेल सीज कर पांच नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव ने कहा कि जिले में किसी भी सूरत में मिलावटी सामान की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
मिलावटी सरसों का तेल सीज करती टीम। |
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव के नेतृत्व में खाद्य औषधि प्रशासन की टीम बिंदकी नगर के विभिन्न खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों में पहुंची। टीम आने की जानकारी मिलते ही दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। टीम ने खोया मंडी में रविशंकर, महादेव, श्रीराम, राजन शुक्ला के यहां से खोया संग्रहित कर 39 किलोग्राम खराब खोया मूल्य 9360 नष्ट कराया। बिंदकी बाजार में योगेश गुप्ता के प्रतिष्ठान में छापेमारी करते हुए सरसो तेल का नमूना संग्रहित किया गया। मिलावटी 1080 किलोग्राम सरसो तेल मूल्य 194400 को नियमानुसार सीज किया। सभी पांच नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए। जांचोपरांत एफएसएस एक्ट 2006 की सुसंगत धाराओ के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। जांच सचल दल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके सिंह, महेन्द्र कुमार यादव, रविशेखर कुशवाहा एवं रामबाबू उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment