सराहनीय कार्य पर सम्मानित किए गए पुलिस कर्मी
थाना, चौकियों में हुआ ध्वजारोहण
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। पुलिस लाइन्स में 72वां गणतन्त्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी लाइन्स रजनीश कुमार यादव ने परेड की प्रथम कमाण्ड की। सेकेण्ड कमाण्ड निरीक्षक विजय सिंह, थर्ड कमाण्ड एसआई हरिदास वर्मा रहे। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने ध्वाजारोहण कर परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इसके बाद परेड हर्ष फायर करने के उपरांत मंच की ओर प्रस्थान कर राष्ट्रीय ध्वज व मुख्य अतिथि को सलामी देते हुए मार्च पास्ट किया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने सभी को एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। कैबिनेट मंत्री ने मुख्य आरक्षी चालक नरेन्द्र कुमार को पुलिस महानिदेशक द्वारा सराहनीय सेवा सम्मान प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र, लॉक डाउन में प्रदेश के लोगों तक मदद पहुंचाने, कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने वाले डायल यूपी 112 के 12 कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
परेड की सलामी लेते मंत्री व एसपी।
कैबिनेट मंत्री ने अमर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज सबसे मजबूत लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित हैं। इसका श्रेय देश के महान संविधान शिल्पियों को जाता है, जिन्होंने विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान दिया है। भारत के विभिन्नता में एकता की विशिष्टता भारत के संविधान में पूरी तरह से साकार हुई है। देश विश्व में एक सशक्त पहचान के साथ अग्रिम पंक्ति पर खड़ा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सिद्धांतों को स्मरण करने का दिन है। इस देश की आजादी के लिए लाखों क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। हमारे संविधान निर्माताओं ने जो मार्ग दिखाया था, भाजपा सरकार उस पर आगे बढ़ते हुए भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परेड समाप्ति के बाद संत थामस पब्लिक स्कूल व जेएम विद्यालय के स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया व मार्शल आर्ट प्रोग्राम रमेश चन्द्र के नेतृत्व में हुआ। पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। तत्पश्चात परेड में शामिल प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों की टोली नं 6 को मार्च पास्ट में सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन के लिये प्रथम स्थान आने पर टोली कमाण्डर एसआई असलम खां को शील्ड देकर पुरुष्कृत किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल, मानिकपुर विधायक आनन्द शुक्ला, जिलाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश खरे, जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय, जिला जज रवीन्द्र नाथ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय, क्षेत्राधिकारी मऊ सुबोध गौतम, क्षेत्राधिकारी राजापुर रामप्रकाश आदि अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे। एएसपी ने शैलेन्द्र कुमार राय ने पुलिस कार्यालय तथा जनपद के समस्त थाना, चैकी प्रभारियों ने ध्वजारोहण कर तिरंगा झण्डे को सलामी दी।
No comments:
Post a Comment