संत तुलसी पब्लिक स्कूल में श्रीराम कथा का हुआ समापन
बांदा, के एस दुबे । संत तुलसी पब्लिक स्कूल में श्रीराम कथा महोत्सव का समापन सुन्दरकाण्ड पाठ व पूर्णाहूति हवन-पूजन के साथ विद्यालय स्टाफ व अतिथियों ने जन कल्याण की मंगल कामना से विद्यालय परिसर में यज्ञ किया। हवन पूजन के बाद कन्या भोज का कार्यक्रम किया गया। इसके बाद भण्डारा प्रसाद का वितरण किया गया।
![]() |
संत तुलसी पब्लिक स्कूल में मौजूद श्रद्धालुगण |
26 दिसम्बर से संत तुलसी पब्लिक स्कूल में शुरू हुए श्रीराम कथा महोत्सव में 26 दिसम्बर को भव्य कलश यात्रा पूरे शहर में निकाली गई। इसके बाद चित्रकूट से पधारे रामकृष्ण वेदान्ती महाराज ने 9 दिनों तक राम कथा सुनायी। जिसमें शहर से आये हुए हजारों श्रोताओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा का समापन 4 जनवरी को भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ हुआ। इस दस दिवसीय कार्यक्रम में 9 दिनों तक लगातार प्रातकाल रामायण पाठ किया गया। लोक कल्याण की भावना से गायत्री परिवार द्वारा प्रतिदिन हवन-यज्ञ कराया गया, जिसमें छात्र, शिक्षक, अभिभावक व गणमान्य लोगों ने हवन पूजन किया। इसके बाद 5 जनवरी को समापन अवसर पर प्रातःकाल विद्यालय में संगीतमयी सुन्दरकाण्ड का पाठ किया गया। पूर्णाहूति कार्यक्रम में सभी ने हवन वेदी में मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहूति देकर सर्व कल्याण के लिए प्रार्थना की। ग्राम अरबई से आई हुयी गायत्री परिवार की सभी कन्याओं को वांछित पुस्तकें उपहार स्वरूप भेंट की गईं।
कार्यक्रम के समापन में कन्या भोज कराया गया तथा दोपहर 2 बजे से भण्डारा प्रसाद का आयोजन किया गया। जिसमें नगर के संभ्रांत लोगो के अलावा विद्यालय व नगर के सभी श्रद्वालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कथा के आयोजक कुमार परिवार के संत कुमार ने बताया कि श्रीराम राज्याभिषेक उत्सव की श्रंखला में सायं 3 बजे से दीप यज्ञ का आयोजन किया गया है। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की खुशी में सायंकाल 6 बजे से भजन संध्या का कार्यक्रम हुआ। इसमें भक्तों ने प्रभु श्रीराम चन्द्र के भजन सुनाए और भक्ति में झूम उठे।
No comments:
Post a Comment