▪️ ऑल इंडिया वूमेन डेवलपमेंट एन्ड ट्रेनिंग सोसाइटी संस्था ने किया आयोजन
कानपुर महानगर, गौरव शुक्ल । ऑल इण्डिया वूमेन डेवलपमेंट एण्ड ट्रेनिंग सोसाइटी, नई दिल्ली संस्था द्वारा जिला जेल कानपुर में गणतंत्र दिवस के मौके पर देशभक्ति की थीम पर 'रंग दे बसंती चोला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें शुभांजली टीम द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी का मन मोह लिया। सिंगर शिवि शुक्ला, मो. शारिक व बंटी की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां सभी को झूमने पर मजबूर कर रही थीं। तीनों गायकों की टीम ने एक के बाद एक धुआंधार प्रस्तुतियों द्वारा सभी को आकर्षित कर लिया। इस दौरान इन गायकों ने अपनी सुरीली आवाज व सुरों की ग़मक के साथ अपनी कला का जादू बिखेरा।
काव्या चतुर्वेदी ने ये देश है वीर जवानों का ... पर नृत्य करते हुए प्रस्तुति दी तो सभी को देशभक्ति के रंग में डुबो दिया। आस्था पाण्डेय द्वारा किये गए दुल्हन चली ... नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
अशोक धोंसले की प्रस्तुति तेरी मिट्टी में मिल जॉवां, गुल बनके मैं खिल जॉवां ....ने सभी को अचंभित कर दिया। जहां कार्तिक पाण्डेय ने जय हो पर अपनी प्रस्तुति दी वहीं कनिष्का ने लावणी पर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। प्रगति शर्मा ने देश रंगीला -रंगीला की प्रस्तुति पर जमकर तालियाँ बटोरीं और खुशी सक्सेना ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देकर समाज को एक अनुकरणीय संदेश दिया, जिसकी सभी ने जमकर सराहना की।
26 जनवरी को आयोजित हुए इस देशभक्ति कार्यक्रम में जिला कारागार बंदियों ने देशभक्ति के नारों और जयकारों के साथ कार्यक्रम का आनंद उठाया। जेल अधीक्षक आर.के. जायसवाल व जेलर धीरज कुमार ने संस्था के कार्यों व टीम शुभांजली की सराहना की।
आपको बता दें कि संस्था उत्तर प्रदेश की कई जिला जेलों में लगातार पांच वर्षों से महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयासरत है। कारागार में निरूद्ध महिला बंदियों व उनके बच्चों के कपड़े, खेल का सामान, खिलौने, पढ़ाई, कॉपी, किताबें आदि सभी चीजों को उपलब्ध कराते हुए संस्था निरंतर जिला जेलों में सेवारत है। महिला बंदियों को तनावमुक्त रखने के लिए उनकी काउंसलिंग, मोटिवेशनल स्पीच, सत्संग, स्वाध्याय, तीज -त्यौहारों का संगम संस्था द्वारा किया जाता है। महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु आर्टिफिशियल ज्वैलरी, ब्यूटीशियन, डेकोरेटिव आइटम, आर्ट एंड क्राफ्ट का कोर्स भी संस्था द्वारा कराया जाता है एवं उनके बनाये उत्पाद बाजारों में उतारे जाते हैं। जिसे जनता द्वारा बहुत पसंद गया है। ऐसे कार्यों के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना समय-समय पर सभी ने की है।
संस्था ऑल इण्डिया वूमेन डेवलपमेंट एण्ड ट्रेनिंग सोसाइटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बिंदु सर्वोत्तम तिवारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर उनकी टीम शुभांजली द्वारा जिला कारागार कानपुर महानगर में 'रंग दे बसंती चोला' का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला जेल को देशभक्ति के रंग से सजाया और संवारा गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में हुये देशभक्ति कार्यक्रम के दौरान जिला जेल का माहौल भक्तिमय हो गया। उन्होंने कहा कि संस्था कानपुर ही नहीं प्रदेश की कई जेलों में इस तरह के उपक्रम व ऐसे कार्यक्रम अपनी शुभांजली टीम व सहयोगी टोली के साथ बिना किसी सरकारी सहायता के निरंतर चला रही है। संस्था राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि संस्था के साथ जुड़कर इस मुहिम को आगे बढ़ाएं व ऐसी सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप संस्था प्रमुख डॉ. बिंदू सर्वोत्तम तिवारी, जिम्मी भाटिया,निर्मल कपूर, स्नेह अग्निहोत्री, आभा निगम, अतुल कुमार, डॉ. अनुपम देशवाल,एड0सुबोध कटियार, डॉ0संजय सचान, अर्पिता श्रीवास्तव, मो. शारिक, शिवि शुक्ला, बंटी, राघव विश्वकर्मा, अरुण चतुर्वेदी, शैलेश पाण्डेय, कनिष्का, आस्था पांडेय, प्रगति शर्मा, कृष्णा शर्मा, श्रीश पांडेय,प्रखर, कार्तिक, अशोक धोंसले ,बीनू सिंह,सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment