विभागों का निजीकरण करना सरकार की सोंची-समझी साजिश: गुड्डा
गाय बचाओ किसान बचाओ संदेश यात्रा निकाल किसानों को किया जागरूक
फतेहपुर, शमशाद खान । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में गाय बचाओ किसान बचाओ के नारे के बीच निकाली जा रही किसान संदेश यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेसियों ने सदर विधानसभा के हस्वा ब्लाक में पद यात्रा निकाली। कांग्रेसियों का कहना रहा कि किसानों को बर्बाद करने का केन्द्र सरकार कुचक्र रच रही है। विभागों का निजीकरण करना सरकार की सोंची-समझी साजिश है। जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। किसानों को जागरूक कर निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया जायेगा।
![]() |
किसान संदेश यात्रा निकालते कांग्रेसी। |
मंगलवार को पूर्व विधायक अमरनाथ सिंह अनिल एवं पूर्व शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा के संयुक्त नेतृत्व में सदर विधानसभा के हस्वा ब्लाक में किसान पद यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया। ब्लाक के अन्तर्गत आने वाले विभिन्न गांवों का दौरा करके किसानों से सीधे संवाद कर जागरूक करने का काम किया। पूर्व विधायक श्री सिंह ने कहा कि नये कृषि कानून लाकर केन्द्र सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुयी है। इन कानूनों के लागू हो जाने से किसान अपनी उपज को पूंजीपतियांे व जमाखोरों के हाथों औने-पौने दाम पर बेंचने के लिए विवश हो जायेगा। जिससे यह पूंजीपति व जमाखोर उपज को डम्प करके महंगे दामों में बेंचकर बड़ा मुनाफा कमायेंगे। यह सरकार किसानों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गयी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को खोखला करने में लगे हुए हैं। जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि विभागों का निजीकरण भी सरकार की एक सोंची समझी साजिश है। पूंजीपतियों के हाथों विभाग नीलाम किये जा रहे हैं। उनके जेबों को भरने के लिए सरकार सभी हथकंडे अपना रही है। जनता को भ्रम में रखा जा रहा है। महंगाई एवं भ्रष्टाचार अपने चरम सीमा पर है। कांग्रेस किसानों से सीधे संवाद करके इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, पूर्व प्रत्याशी ओम प्रकाश गिहार, राजकुमार मौर्या, अच्छे मियां, पंडित राम नरेश महाराज, औसाफ अहमद, शमशाद एडवोकेट, मनोज श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव, आनंद सिंह गौतम, नफीस खान, जीतू मौर्य, सितवत उल्ला खाँ आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment