शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को बंधाया ढांढस
बांदा, के एस दुबे । हादसे में मासूम बच्ची समेत सात लोगों की मौत हो जाने के बाद राजनीतिक दलों के लोग गम के सागर में डूबे परिवारीजनों के आंसू पोछने पोस्टमार्टम हाउस और पपरेंदा गांव पहुंचे। पूर्व विधायक तिंदवारी दलजीत सिंह पपरेंदा गांव पहुंचे। सड़क हादसे में अकाल मौत का शिकार होने वाले मृतकों के परिजनों से मिले और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सरकार से मृतक परिजनों को शीघ्र ही आर्थिक मदद किये जाने की मांग की। श्री सिंह ने कहा कि रोडवेज में जो भी संविदा कर्मचारियों को भर्ती किया जाता, उनमे अक्सर अनट्रेंड को भर्ती कर लिया जाता है और कई चालक अक्सर नशे में धुत होकर बस चलाते हैं। सरकार से मांग की है कि जो चालक भर्ती किये जायें उन्हें तब तक बस चलाने की अनुमति न दी जाए जब तक वो पूरी तरह ट्रेंड न हो जाएं। जो भी चालक नशे के आदि हो चुके हैं उनकी जांच कराकर उनका (चालक) लाइसेंस कैंसिल कर उनको बाहर किया जाए। मृतक के परिजनों ने बताया कि मासूम बेटी की कानपुर ले जाते समय मृत्यु हुई है, उसके उपचार में जिला अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती गई। श्री सिंह ने जिला प्रशासन व जिला अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। अस्पताल में हुई हीलाहवाली पर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने परिजनों से हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इस दौरान उनके साथ उनके मीडिया प्रभारी केशव पाल, रजत सिंह, धर्मेद्र सिंह, डा. जगदीश त्रिवेदी, सुनील सिंह, रामदयाल वर्मा, जयकरन यादव आदि लोग रहे।
पपरेंदा गांव में परिजनों से मिलते पूर्व विधायक दलजीत सिंह
पोस्टमार्टम हाउस और पपरेंदा पहुंचे जनप्रतिनिधि
बांदा। तिंदवारी से भाजपा विधायक बृजेश प्रजापति और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद सड़क हादसे में अकाल मौत का शिकार हुए मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए पहले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इसके बाद मृतक परिजनों के घर गए। वहां पर परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। इसके साथ ही परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इधर, भारतीय जनता पार्टी के नेता दलपत सिंह ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार से मृतक परिजनों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
No comments:
Post a Comment