पुलिस बल ने कांग्रेसियों को सड़क से हटाया
बिन्दकी-फतेहपुर, शमशाद खान । कृषि कानून का विरोध कर रहे कांग्रेसी प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लेट गए और केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कृषि कानून को किसान विरोधी कानून बताते हुए वापस लेने की मांग की। इस बीच मौजूद भारी पुलिस बल ने कांग्रेसियों को सड़क से उठाया। बाद में कांग्रेसियों ने कहा कि जब तक किसान विरोधी कृषि कानून वापस नहीं होता इस तरह के आंदोलन होते रहेंगे।
![]() |
सड़क पर प्रदर्शन करते कांग्रेसियों को हटाती पुलिस। |
सोमवार की दोपहर करीब तमाम कांग्रेसी नगर के ललौली चैराहे पहुंचे। कांग्रेसी हाथों में कांग्रेस का झंडा तथा तख्तियां लिए हुए थे। जिसमें नरेंद्र मोदी को किसान विरोधी लिखा गया था। कांग्रेस के नेता पदाधिकारी व कार्यकर्ता ललौली चैराहा जाम करने पहुंचे थे वहां पर पहले से ही भारी पुलिस बल मौजूद था। कांग्रेसियों का जुलूस देखते ही पुलिस बल भी सक्रिय हो गया। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून को किसान विरोधी कानून बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। जब पुलिस बल ने कांग्रेसियों को जाम करने से मना किया तो कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा सहित कई कांग्रेसी सड़क पर लेट गए। इस बीच जमकर नारेबाजी होती रही। पुलिस ने कांग्रेसियों को समझा कर थोड़ा बल प्रयोग कर सड़क से उठाया और पास के बगल के मैदान में लेकर गए। इस बीच थोड़ी देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शिवाकांत तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, जिला सचिव उदित अवस्थी, जिलाध्यक्ष मनीष पटेल, गगन प्रताप, अन्नू बेग, रमेश यादव सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment