सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि व दो को कारण बताओ नोटिस
फतेहपुर, शमशाद खान । विजयीपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत गड़हा में मनरेगा योजना के तहत कराये जा रहे कच्चे मार्ग निर्माण का बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने ग्राम पंचायत सचिव को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि व तकनीकी सहायक तथा ग्राम रोजगार सेवक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। सीडीओ ने कहा कि कार्यों में हीलाहवाली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कार्य संतोषजनक न होने पर तकनीकी सहायक एवं ग्राम रोजगार सेवक की सेवा समाप्त कर दी जायेगी।
![]() |
कच्चे मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण करते सीडीओ सत्य प्रकाश। |
विजयीपुर ब्लॉक के गड़हा ग्राम पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्य का मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने निरीक्षण किया। उन्होने मौके पर कच्चे मार्ग के निर्माण कार्य को देखा। निरीक्षण के दौरान सचिव अनुपस्थित मिले। इसके अलावा तकनीकी सहायक तथा ग्राम रोजगार सेवक के पास संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं पाया गया। कार्य स्थल पर कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति मस्टर रोल में दर्ज न करके एक रजिस्टर पर किया जा रहा था। इस स्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी ने रोष व्यक्त किया। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गयी तथा तकनीकी सहायक एवं ग्राम रोजगार सेवक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बीडीओ को सचेत किया गया कि समस्त कार्यस्थलों पर अभिलेख की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं तथा कर्मिकों की उपस्थित मस्टर रोल एवं मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम में दर्ज कराएं। भविष्य में पुनरावृत्ति होने की दशा में या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने पर तकनीकी सहायक एवं ग्राम रोजगार सेवक की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण, अशोक कुमार निगम, उपयुक्त मनरेगा, पुतान सिंह तथा खंड विकास अधिकारी विजयीपुर गोपीनाथ पाठक उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment