फतेहपुर, शमशाद खान । पतित पावनी माँ गंगा का जयघोष करते हुए गंगा भक्तों व गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं ने जिला संयोजक कुलदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में तेलियानी ब्लॉक के हाजीपुरगंग ग्राम सभा स्थित खुसरूपुर गंगा घाट पर माँ गंगा की आरती, पुष्पार्चन एवं पूजा की। अवसर था गंगा चैपाल का। खुसरूपुर घाट में गंगा समग्र की ओर से गंगा चैपाल, गंगा आरती एवं राशन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
![]() |
गंगा आरती करते श्रद्धालु। |
चौपाल में आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में गंगा भक्त उपस्थित हुए। चैपाल का प्रारंभ गंगा गीत ‘‘यह कल-कल, छल छल बहती, क्या कहती गंगा धारा। युग युग से बहता आता, यह पुण्य प्रवाह हमारा’ के गायन से हुआ। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण इलाकों से आए लोगों ने घाट की समस्याओं से उपस्थित पदाधिकारियों को अवगत कराया। आज चैपाल में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सर्वेश रहे। उन्होंने इस घाट की महिमा और समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा जब तक इस घाट से जुड़े लोग और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग जागरूक नहीं होंगे तब तक घाटों की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल सकती। गंगा की अविरलता और निर्मलता बरकरार रखने के लिए हमें स्वयं जागरूक होना होगा और दूसरों को भी जागरूक करना होगा। यही माँ गंगा की सच्ची सेवा है। उन्होंने गंगा समग्र के जिला संयोजक कुलदीप सिंह भदौरिया एवं गंगा समग्र की पूरी टीम की सराहना करते हुए सभी को आश्वस्त किया कि गंगा घाटों के विकास और सुचारू संचालन तथा गंगा घाटों तक संपर्क मार्गों के विकास हेतु प्रयासों में हरसंभव मदद, उनके स्तर से की जाएगी। कार्यक्रम में सेवा भारती और गंगा समग्र के संयुक्त प्रयासों से घाट पर आश्रित जरूरतमंद लोगों तथा निर्धनों को राशन किट (जिसमें 15 किलो आटा, 10 किलो चावल, 5 किलो दाल, 1 लीटर सरसों का तेल, 2 किलो नमक और मसाले का एक पैकेट) का भी वितरण किया गया। राशन वितरण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने गंगा आरती में भाग लिया। गंगा आरती से पूर्व श्रीगंगाष्टकम और श्रीगंगास्तोत्रम् का सस्वर पाठ हुआ, तत्पश्चात विधि विधान से गंगापूजन, पुष्पार्चन और आरती की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह ज्ञानेंद्र सिंह चैहान ने गंगा समग्र के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे और अधिक कार्यक्रमों की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन खुसरूपुर घाट समिति के सदस्य और भाजपा के भिटौरा मंडल महामंत्री उदित पांडेय ने किया। इस मौके पर जिला कार्यवाह प्रदीप, जिला प्रचारक शुभम, गंगा समग्र के प्रांत सह संयोजक अजमेर सिंह, प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य अनुराग त्रिपाठी, नगर संयोजक संतोष तिवारी, प्रणवीर सिंह, शैलेंद्र भदौरिया, पंकज त्रिपाठी, कपिल कुमार दुबे, धीरज राठौर, अरुण कुमार सिंह, वरुण तिवारी, आचार्य राम नारायण, राघवेंद्र सिंह, सुनील सिंह, जितेंद्र सिंह सेंगर, लाला दुबे देव शंकर त्रिपाठी, श्रीराम त्रिपाठी, ज्ञान निषाद आदि बड़ी संख्या में गंगा भक्त उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment