विलास गांव में जागरूकता गोष्ठी सम्पन्न
चित्रकूट,सुखेन्द्र अग्रहरि। मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी सुरक्षा,नारी सम्मान एवं आत्मनिर्भर बनने को लेकर अब ग्राम पंचायत स्तर पर भी जागरुकता अभियान शुरू किया गया।शुक्रवार को राजापुर तहसील क्षेत्र के विलास बांगर गाँव और सरधुवा में संचालित आश्रम पद्धति आवासीय बालिका विद्यालय में शासन द्वारा भेजी गई मिशन शक्ति की जनपद नोडल अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने महिला शक्ति टीम के साथ बालिकाओं और ग्रामीण महिलाओं को मिशन शक्ति का महत्व बताया और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने महिलाओं को उनके अधिकार और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।साथ ही आम जनता को महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव और सुरक्षा के लिए आगे आने को प्रेरित किया।उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।और कहा कि पुरुषों की भाँति महिलाएं भी समाज में सम्मान का अधिकार रखती हैं।इसलिए महिलाओं के साथ साथ पुरुषों का जागरूक होना बहुत आवश्यक है, तभी समाज की कुरीतियों को दूर किया जा सकता है।भारत एक ऐसा देश है जहाँ पर नारी की पूजा होती है।अवगत कराया कि सभी थानों में महिलाओं की सुरक्षा,सहायता के लिए एक महिला हेल्प डेस्क बनाया गया है।जहाँ पर महिलाकर्मी ही महिलाओं की शिकायत सुनेगी और समाधान करेंगी।सरकार की ओर से चलाई गयी विशेष सुरक्षा योजना डायल-181,112,1076,1090 समेत घरेलू हिंसा,दहेज हत्या,महिला सुरक्षा आदि के प्रति विस्तार से जानकारी दी गयी।उन्होंने गांव वालों से अपील करते हुए कहा कि परिवार,समाज एवं विभिन्न संस्थाओं में महिलाओं को उचित स्थान दें।इससे हमारा गाँव प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ेगा।
समाज कल्याण अधिकारी डॉ नीलम सिंह ने शासन स्तर से लाभार्थीपरक जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं,उनके बारे में जानकारी दी।महिलाओं व छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने व निर्भीक होकर अपने क्षेत्र में कार्य करने व शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया गया।इस मौके पर महिला शक्ति टीम की प्रिया माथुर,मीनू सिंह,संध्या गुप्ता,नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र गौतम, अरविन्द रघुवंशी,उप निरीक्षक ब्रजेश पाण्डेय,राजकपूर यादव,आरक्षी लालू,स्टूडेंट वालंटियर्स दिव्या सिंह,आराधना सिंह,अरुण सिंह,जितेंद्र सिंह,संजय सिंह समेत समस्त ग्रामीणवासी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment