विद्युत चालित चालक का इस्तेमाल करने की नसीहत
बांदा, के एस दुबे । प्र्रदेश सरकार ने आत्मनिर्भर भारत योजना प्र्रारम्भ की है। प्रजापति समाज के परंपरागत व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने माटीकला बोर्ड का गठन किया है। आप लोग विद्युत चालित चाक का प्रयोग कर पूर्ण मनोयोग से मिट्टी के अधिक से अधिक बर्तन बनाएं। यह बात राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान व जनपद के प्र्रभारी मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने सर्किट हाउस सभागार में विद्युत चालित चाक का वितरण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्र्रजापति समाज की जो समस्यायें हैं, उनका समाधान कराया जायेगा।
![]() |
मेडिकल कालेज में कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, सांसद व अन्य |
अध्यक्ष उप्र माटी कला बोर्ड धर्मवीर प्रजापति ने विद्युत चालित चाकों का वितरण करने के उपरान्त कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चाक आपको निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। उनका उपयोग अपने परंपरागत व्यवसाय को आगे बढ़ाने में करें। उन्होंने कहा कि मिट्टी के बर्तनों का प्रयोग करने से 26 पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। इसलिए आप स्वयं भी मिट्टी के बर्तनों का प्रयोग करें। श्री प्रजापति ने कहा कि यदि आप लोग समूह बनाकर कार्य करेंगे तो प्रदेश सरकार द्वारा 10 लाख की मशीनें आपको उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आपको पहले तीन दिवसीय तथा बाद में 15 दिन का प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनसामान्य से अपील की है कि वह दीपावली में मिट्टी से बने दीयों का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि दीपावली में आप लोग अच्छी से अच्छी मूर्तियां बनाएं जिससे चीन की मूर्तियां न बिक सकें। श्री प्रजापति ने कहा कि मिट्टी के बर्तनों का अधिक से अधिक उपयोग कर हम प्रकृति का भी संरक्षण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जाए। भारतीय जना पार्टी जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस कला को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है और इसी कड़ी में आज चाकों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपकी समस्याओं के निस्तारण में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जायेगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राजेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम के अन्त में सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर माटीकला बोर्ड के सदस्य वरदानी प्रसाद प्रजापति, विधायक सदर के प्रतिनिधि रजत सेठ, सोनू सिंह तथा प्रजापति समाज के लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment