किहुनिया गांव में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । महिला शक्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मानिकपुर के ग्राम पंचायत किहुनिया में महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा ने महिला सशक्तिकरण के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि आप लोग सशक्त होकर समाज में कार्य करें, डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस व प्रशासन आपके साथ है।कहीं पर कोई समस्या हो तो तत्काल पुलिस के हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें तत्काल कार्यवाही की जाएगी। कोई भी समस्या हो तो थानों में जाकर महिला हेल्प डेस्क में अपनी समस्याएं दर्ज कराएं तथा एंटी रोमियो का सहयोग ले। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना आदि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का आप लोग लाभ उठाएं तथा स्वावलंबी बने। सरकार द्वारा नारी सम्मान व स्वालंबन के प्रति कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
महिला कल्याण की प्रिया माथुर ने महिलाओं से कहा कि आप लोग हेल्पलाइन 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन तथा 102 स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं। कहा कि महिलाओं के सम्मान के प्रति प्रशासन कटिबद्ध है। कोई भी समस्याएं हो तो आप लोग थाना में बता सकते हैं। थानों में एक गोपनीय पेटिका भी है, उसमें आप गोपनीय पत्र दे सकते हैं तत्काल उस पर निराकरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी हरीश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी तथा महिलाएं व ग्रामीण जनता मौजूद रहे।
इसी प्रकार विकासखंड पहाड़ी के अंतर्गत बछरन, अशोह तथा प्रसिद्धपुर में बाल विकास परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार, महिला कल्याण व सुपरवाइजर तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा मिशन शक्ति अभियान में महिला सशक्तिकरण तथा संचारी रोग अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
No comments:
Post a Comment