कोरोना से बचाव व सुरक्षा को गाइड लाइन का प्रशासन ने कराया पालन
कई जगह आज होगा विसर्जन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। देवी भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर गाजे-बाजे के साथ विदाई दी। पाण्डालों से हवन-पूजन के बाद नाचते-थिरकते जयकारे लगाते हुये विसर्जन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। इस बार कोरोना महामारी के चलते सीमित तादाद में ही लोग जुलूस में शामिल हुए। इस बार दो दिन दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जित होंगी।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करते देवी भक्त।
शारदीय नवरात्रि में नौ दिनों तक भक्तों ने मां दुर्गा की उपासना की। कोरोना महामारी से जल्द निजात की मन्नते व प्रार्थनाएं करते रहे। जगह-जगह कन्या भोज व भण्डारे हुये। इस वर्ष लोग कोरोना के चलते सतर्कता व सावधानी बरतते हुए देवी की झांकी दर्शनों को बाहर निकले। सवेरे से प्रतिमाओं के विसर्जन को भक्त हवन-पूजन के बाद सुसज्जित झांकियों में देवी प्रतिमा रखने को गाजे-बाजे के साथ उठाया। जगह-जगह महिलाओं ने विदाई दौरान मां के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और कल्याण की कामना की। शासन की गाइड लाइन का पालन करते हुए सीमित तादाद में जुलूस निकालते हुए गाजे-बाजे के साथ नाचते थिरकते जय मां अम्बे के जयकारे लगाते चल रहे थे। जगह-जगह देवी प्रतिमा रोककर नाचते-गाते व पूजन-अर्चन करते रहे। विसर्जन स्थल पर बारी-बारी से विधिविधान से पंडितों ने पूजन कराया। इसके बाद भक्तों ने देवी प्रतिमाओं को निर्धारित स्थल व तालाबों में नम आंखों से विसर्जित किया। नियमों का पालन कराने को पुलिस, प्रशासन के अधिकारी सतर्क दिखे। इस दौरान अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिये एसपी अंकित मित्तल के निर्देश पर पुलिस बल जगह-जगह तैनात रही। जिसके चलते किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हो सकी। चिन्हित तालाबों में विसर्जन को लेकर डीएम शेषमणि पाण्डेय ने मजिस्ट्रेटों की तैनाती की थी। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट तैनाती स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। देर शाम तक प्रतिमाओं का विसर्जन सिलसिला चला।
आज होंगा विसर्जन
चित्रकूट। दुर्गा मूर्ति विसर्जन शिवरामपुर, भरतकूप, सीतापुर, मऊ कस्बे में आज मंगलवार को किया जाएगा। इसी प्रकार कर्वी, पहाडी, राजापुर, मानिकपुर में कुछ जगहों पर प्रतिमाएं विसर्जित की गई हैं। शेष दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन आज होगा।
No comments:
Post a Comment