फतेहपुर, शमशाद खान । मानव सेवा परिवार द्वारा बैकुण्ठ धाम के लिए समाज के सभी लोगों को सेवाएं देने के लिए शव वाहन उपलब्ध कराया गया है। जिसका शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक विक्रम सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर किया। उपस्थित लोगों ने इसके लिए मानव सेवा परिवार की जमकर सराहना की। क्योंकि कम किराये में सभी को यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
![]() |
शव वाहन को झण्डी दिखाकर रवाना करते सदर विधायक विक्रम सिंह। |
मानव सेवा परिवार द्वारा बैकुण्ठ धाम शव वाहन का शुभारम्भ ठठराही स्थित शीतला मंदिर से किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सदर विधायक व भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना करके वाहन को जनता के लिए समर्पित किया। जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि संगठन द्वारा शव वाहन समाज की आवश्यकता को देखते हुए उपलब्ध कराया गया है। अन्तिम संस्कार के लिए यह वाहन अब आम जनमानस को सुगमता से कम खर्च पर उपलब्ध हो सकेगा। उन्होने संगठन के पदाधिकारियों की सकारात्मक सोंच की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य अच्छी सोंच के साथ हों तो स्वस्थ समाज की कल्पना साकार होगी। सदर विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि बैकुण्ठ धाम शव वाहन की नगर में बेहद जरूरत थी। शव को अभी तक ले जाने में असुविधाएं होती थीं और आर्थिक दृष्टि से भी भारी-भरकम शुल्क दुखी परिवार को अदा करना पड़ता था। अब इस वाहन के माध्यम से कम खर्चे में आम आदमी को उपलब्ध हो सकेगा। मानव सेवा परिवार के अध्यक्ष राधेश्याम हयारण ने कहा कि शव वाहन का किराया सिर्फ ग्यारह सौ रूपया निर्धारित किया गया है। उन्होने आश्वस्त किया कि जल्द ही एक एम्बुलेन्स सेवा भी संगठन द्वारा मुहैया कराई जायेगी। यह भी कहा कि लावारिस शव के अन्तिम संस्कार का भी काम संगठन द्वारा निःशुल्क कराया जायेगा। संचालन विनोद कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर शैलेन्द्र शरन सिम्पल, रामस्वरूप गुप्त, संजय गुप्त, नरेन्द्र गुप्त, संजीव गुप्त, पंकज दीक्षित, अजय गुप्त, अमित गुप्त, उमेश तिवारी, अरूण जायसवाल, वेद प्रकाश गुप्त, संजय लाला आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment